हैदराबाद , मई 11 -- भाजपा के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोमवार को सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को 'भव्य रूप से सफल' बनाने के लिए तेलंगाना की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।

श्री रामचंद्र राव ने नामपल्ली स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव का समय न होने के बावजूद सभा में उमड़ी भारी भीड़ तेलंगाना में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने इस आयोजन की सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण, नेताओं के बीच समन्वय और कैडरों की प्रतिबद्धता को दिया।

उन्होंने कहा कि साधु समाज के स्वामीजी, बंजारा और लंबाडी समुदायों की महिलाएं, डॉक्टर, नर्स, वकील, युवा और महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी ने इस सभा को एक बड़े सार्वजनिक उत्सव में बदल दिया। उनके अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति भाजपा में जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत है।

श्री रामचंद्र राव ने दावा किया कि तेलंगाना में राजनीतिक परिवर्तन अब अपरिहार्य हो गया है और विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। राज्य की कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वह जनता से किये गये वादों और गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि 'मोदी की गारंटी' तेलंगाना के विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और आर्थिक प्रगति का प्रतीक है।

भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखेगी और कार्यकर्ताओं से तेलंगाना में भाजपा को सत्ता में लाने के लक्ष्य के साथ प्रयासों को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बीआरएस सरकार और वर्तमान कांग्रेस सरकार दोनों ने जनता को धोखा दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित