हैदराबाद , अप्रैल 29 -- तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने बुधवार को मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की उन कथित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की, जिनमें उन्होंने कहा था कि जब लोग एवं विपक्षी दल सरकार की आलोचना करते हैं तो उन्हें नकारात्मक आनंद मिलता है।

तेलंगाना भवन में श्री रामा राव ने कहा कि ये टिप्पणियां अनुचित थीं और जनता के मुद्दों के प्रति उदासीनता दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लोग कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं और अपनी चिंताएं व्यक्त कर रहे हैं लेकिन मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं थी।

श्री रामा राव ने किसानों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं में देरी एवं शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों सहित कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि फसल खरीद और अन्य सहायता उपायों में देरी के कारण किसान संघर्ष कर रहे हैं जबकि छात्र फीस वापसी के बकाया से अनिश्चितता महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने गुरुकुल संस्थानों से संबंधित खबरों पर चिंता व्यक्त की और ऐसे मामलों पर सही तरीके ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। श्री रामा राव ने कहा कि सरकारों को आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देने के बजाय लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

इससे पहले, कालवाकुर्थी निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनकी उपस्थिति में बीआरएस में शामिल हुए। श्री रामा राव ने दोहराया कि उनकी पार्टी जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उठाना जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित