हैदराबाद , जून 06 -- तेलंगाना में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-यूजी की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जायेगी, जिसमें 72,956 विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने शनिवार को जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्रुटिरहित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव क्रिस्टीना जोंगथू ने बैठक में बताया कि परीक्षा राज्य के 24 शहरों में बनाये गये 208 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर अवसंरचना, परिवहन, सुरक्षा, बिजली आपूर्ति, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महेश भगवत ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और नागरिक प्रशासन के बीच घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सक्रिय निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा संचालन को प्रभावित करने वाली किसी भी गलत जानकारी का समय रहते खंडन किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित