हैदराबाद , जनवरी 14 -- तेलंगाना में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा एनटीवी के तीन पत्रकारों की आधी रात को गिरफ्तारी मामले की विभिन्न राजनीतिक ने बुधवार को कड़ी निंदा की। इन दलों के नेताओं ने हाल ही में प्रसारित विवादित समाचार रिपोर्टों की जांच के दौरान संयम बरतने और विधि प्रक्रिया का पालन करने की मांग की।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष टी. जग्गा रेड्डी ने एक अलग बयान में कहा कि मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कथित अपमानजनक और अपुष्ट रिपोर्टों के पीछे के मास्टरमाइंड की पहचान के लिए वरिष्ठ अधिकारी सज्जनार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन सरकार का सही कदम है।
उन्होंने एसआईटी अधिकारियों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दिन आधी रात को पत्रकारों को गिरफ्तार करने के बजाय नोटिस जारी कर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाना बेहतर होता। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई से भय का माहौल बन सकता है और विपक्षी दलों को सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल सकता है।
इस बीच, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने हवाई अड्डे पर की गई गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा करते हुए इसे प्रेस स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर "आपातकाल जैसी प्रवृत्तियां" अपनाने का आरोप लगाते हुए पत्रकारों की तत्काल रिहाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित