हैदराबाद , अप्रैल 28 -- तेलंगाना की राजधानी हैददाबाद में पुलिस ने मंगलवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के उन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जो फीस वापसी और छात्रवृत्ति के बकाये भुगतान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आवास तक पैदल मार्च पर निकले थे।प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया और अफजलगंज थाना ले जाया गया। राज्य के जिलों से भी छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
तेलंगाना भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सहायक सचिव टक्कल्लापल्ली श्रीनिवास राव ने कार्रवाई की निंदा करते हुए इन गिरफ्तारियों को गैर-कानूनी और अलोकतांत्रिक करार दिया। उन्होंने कहा कि छात्र फीस वापसी और छात्रवृत्ति के भुगतान में हो रही देरी से जुड़ी अपनी जायज चिंताओं को शांतिपूर्ण ढंग से उठा रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस देरी के कारण निजी कॉलेजों का प्रबंधन छात्रों के हॉल टिकट, शैक्षणिक और स्थानांतरण प्रमाण पत्र रोककर उन्हें परेशान कर रहा है।
श्रीनिवास राव ने हिरासत में लिये गये छात्रों को तत्काल रिहा करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार विशेष कोष आवंटित करके और छात्रों की शिकायतों का समाधान करके तुरंत जवाब देने में विफल रहती है, तो विरोध-प्रदर्शन और तेज किये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित