हैदराबाद , सितंबर 12 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा है कि उनकी पार्टी 17 सितंबर को आधिकारिक रूप से तेलंगाना मुक्ति दिवस मनाए जाने की मांग को लेकर संघर्ष करती रहेगी।

श्री राव ने आबिड्स स्थित मेथोडिस्ट इंजीनियरिंग कॉलेज में भाजपा की तेलंगाना मुक्ति समिति द्वारा आयोजित तेलंगाना मुक्ति-राष्ट्रवादियों की भूमिका विषयक स्मृति सम्मेलन को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा कि 17 सितंबर तेलंगाना के लोगों के स्वाभिमान का प्रतीक है और यह निजाम के शासन के खिलाफ लड़ने वाले लोगों के बलिदान की याद दिलाता है।

उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन पोलो का उल्लेख करते हुए कहा कि निजाम के निरंकुश शासन को भारतीय सेना की ताकत के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि 17 सितंबर को आधिकारिक रूप से तेलंगाना मुक्ति दिवस समारोह आयोजित किया जाए।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भाजपा के सत्ता में आने के बाद पार्टी राज्य सरकार के तत्वावधान में आधिकारिक तौर पर और बड़े स्तर पर तेलंगाना मुक्ति दिवस समारोह आयोजित करेगी।

श्री राव ने लोगों से 17 सितंबर को प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का भी आह्वान किया। उन्होंने जनता से सिकंदराबाद परेड मैदान में आयोजित होने वाले तेलंगाना मुक्ति दिवस समारोह में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।

इस कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल च. विद्यासागर राव, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण, राज्य महासचिव वेमुला अशोक, तेलंगाना मुक्ति समिति के अध्यक्ष बूरा नरसैया गौड़, संयोजक नेल्ली श्रीवर्धन रेड्डी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित