हैदराबाद , सितंबर 01 -- तेलंगाना महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एराब्रेली स्वर्णा ने मंगलवार को उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कारनामों पर सवाल उठाने वालों को चुप कराने का एक प्रयास है।

प्रदेश महिला कांग्रेस ने इस प्राथमिकी के विरोध में और उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक सार्वजनिक सभा के दौरान बैठने वाले स्थान का कथित रूप से 'शुद्धिकरण' करने वाले भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर यहां गांधी भवन से एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए, सुश्री स्वर्णा ने कहा कि यह घटना न केवल श्री खरगेका बल्कि संविधान और बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के आदर्शों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि इसके जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय, उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने इस घटना पर सवाल उठाने और न्याय की मांग करने वाले श्री गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया।तेलंगाना महिला कांग्रेस ने हल्द्वानी में दलितों को अपमानित करने में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

सुश्री स्वर्णा ने श्री गांधी के संदेश 'डरो मत' का आह्वान करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस संविधान, दलित अधिकारों और महिलाओं के स्वाभिमान के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित