हैदराबाद , अगस्त 15 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने भारत की विकास यात्रा में राज्य के बतौर एक अहम ग्रोथ इंजन के रूप में उभरने का जिक्र करते हुए कहा है कि हैदराबाद ने प्रौद्योगिकी, औषधि निर्माण, जैव प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे उभरते क्षेत्रों के लिए खुद को एक बड़े केंद्र के तौर पर स्थापित किया है।

राज्यपाल ने लोक भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए नागरिकों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेकर एक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने में सामूहिक रूप से योगदान देने का आह्वान किया।

श्री शुक्ला ने कहा कि भारत की ताकत उसकी 'विविधता में एकता' में निहित है और उन्होंने दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में देश की प्रगति पर प्रकाश डाला।

उन्होंने तेलंगाना को देश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन बताते हुए कहा कि हैदराबाद एक प्रमुख विकास केंद्र के रूप में उभरा है और राज्य ने कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), औषधि निर्माण और जैव-प्रौद्योगिकी में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि आर्थिक और तकनीकी प्रगति के साथ-साथ सामाजिक कल्याण और युवाओं का सशक्तिकरण भी जरूरी है।

उन्होंने तेलंगाना में 'टीबी मुक्त भारत' और 'नशा मुक्त भारत' को व्यापक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए नागरिकों और युवाओं से तपेदिक (टीबी) को खत्म करने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने के प्रयासों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित