हैदराबाद , अक्टूबर 26 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटना में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित तौर पर की गई स्तरहीन टिप्पणी की सोमवार को आलोचना की। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत हमले करके कांग्रेस नेतृत्व राजनीतिक विमर्श का स्तर गिरा रहा है।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी एनवी सुभाष ने एक बयान में सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस के पास अब राजनीतिक मुद्दे और तर्क खत्म हो गए हैं, जो वह आलोचना करते-करते प्रधानमंत्री के परिवार तक उतर आई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों पर बहस शासन, विकास और जनहित के मुद्दों पर होनी चाहिए, न कि इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणियों के आधार पर।

श्री सुभाष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता और उन्हें मिल रहे जनसमर्थन से बौखला गई है। जनता की समस्याओं को सुलझाने और एक ठोस विकल्प देने के बजाय पार्टी व्यक्तिगत छींटाकशी पर उतर आई है।

यह विवाद रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान तब शुरू हुआ, जब श्री खरगे के संबोधन के बीच में एक श्रोता संतोष कुमार ने उन्हें उकसाते हुए कहा कि श्री मोदी कहीं नहीं जाने वाले। इसके जवाब में श्री खरगे ने स्तरहीन की टिप्पणी की, जिससे वहां हंगामा मच गया। उस व्यक्ति ने बाद में आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की।

उधर, कांग्रेस ने श्री खरगे का बचाव करते हुए दावा किया कि पहले एक भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष के दिवंगत पिता का अपमान किया था। पार्टी का यह भी तर्क था कि श्री खरगे की टिप्पणी का आशय प्रधानमंत्री के जैविक पिता से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि से था।

अपने संबोधन में श्री खरगे ने आरएसएस और भाजपा की आलोचना करते हुए यह भी कहा था कि जब तक संघ की विचारधारा देश में है, तब तक शांति कायम नहीं हो सकती। इस बयान से दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद राजनीतिक नेताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे सार्वजनिक मंचों की गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह राजनीतिक बहसों को व्यक्तिगत कीचड़ उछालने का जरिया बनाने के बजाय शासन, देश के विकास और आम जनता के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित