हैदराबाद , जून 13 -- तेलंगाना पुलिस को पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विदेश मंत्रालय द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

यह पुरस्कार तेलंगाना पुलिस की कार्यक्षमता , पारदर्शिता और पासपोर्ट आवेदन के समय पर सत्यापन को मान्यता देता है, जो पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया का एक जरुरी हिस्सा है।

मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पीएसपी) और मुख्य पासपोर्ट अधिकारी बी एस मुबारक ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी वी आनंद को पुरस्कार के लिए राज्य के चुने जाने के बारे में बताया।

यह सम्मान 18 और 19 जून को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में होने वाले पासपोर्ट सेवा दिवस और पासपोर्ट अधिकारी सम्मेलन के दौरान दिया जाएगा। केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर 19 जून को तेलंगाना पुलिस की ओर से डीजीपी आनंद को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।

मंत्रालय ने डीजीपी को सम्मेलन के उच्च स्तरीय सत्र में हिस्सा लेने के लिए एक खास न्योता भी दिया है, और कहा है कि उनकी मौजूदगी कार्यक्रम की सफलता में अहम योगदान देगी।

डीजीपी श्री आनंद ने इस पर अपनी में कहा कि पुलिस सत्यापन पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया में सबसे ज़रूरी चरण में से एक है और यह पुरस्कार तेलंगाना पुलिस कर्मियों के समर्पण , पेशेवर रवैया और नागरिक-केंद्रित नज़रिए को दिखाता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विभाग के तकनीक-संचालित सत्यापन प्रणाली, आसान प्रक्रिया और कुशल सार्वजनिक सेवा प्रदायगी के प्रति प्रतिबद्वता को दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की पहचान ने तेलंगाना पुलिस की साख को और बढ़ाया है और यह बल को तेज़, पारदर्शी और लोगों के अनुकूल सेवा देते रहने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सार्वजनिक सेवा प्रदायगी और प्रौद्योगिकी-सक्षम पुलिस व्यवस्था में बेहतरीन काम की दिशा में तेलंगाना पुलिस की कोशिशों में एक और मील का पत्थर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित