हैदराबाद , फरवरी 18 -- भारत राष्ट्र समिति(बीआरएस) के वरिष्ठ नेता शेख अब्दुल्ला सोहेल ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना की नगर पालिकाओं में मिलकर काम कर रही हैं ताकि बीआरएस को कई स्थानीय निकाय में बड़ी ताकत होने के बावजूद नेतृत्व का पद हासिल करने से रोका जा सके।

श्री सोहल ने संवाददाताओं से कहा कि नगर पालिका में पदों के अप्रत्यक्ष चुनावों ने स्थानीय स्तर पर 'कांग्रेस-भाजपा के गठजोड़' को सामने ला दिया है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड के नतीजे घोषित होने के बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग नगर पालिकाओं में पदों को साझा करने के लिए गुप्त समझौता किया। नरसापुर, सिरपुर कागजनगर, अलियाबाद, मेटपल्ली, अमंगल और मेडक का उदाहरण देते हुए श्री सोहेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर कब्जा करने के लिए एक-दूसरे का साथ दिया।

उन्होंने दावा किया कि क्याथनपल्ली, थोरूर, जंगों और ज़हीराबाद जैसी नगर पालिकाओं में ज़्यादातर सीटें जीतने के बावजूद बीआरएस को नेतृत्व की भूमिका नहीं दी गयी। कांग्रेस और भाजपा के कथित गठजोड़ को सिद्धांत विहीन बताते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोग इन घटनाक्रमों को करीब से देख रहे हैं और राजनीतिक रूप से जवाब देंगे। उन्होंने जोर दिया कि बीआरएस नगरपालिका शासन में मौकापरस्त राजनीति को सामने लाने का काम जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित