हैदराबाद , जुलाई 10 -- तेलंगाना में नागरकुरनूल जिले के अमराबाद मंडल के मन्नानूर गांव स्थित जनजातीय कल्याण बालक गुरुकुल के कम से कम 27 छात्रों को छात्रावास में परोसे गये नाश्ते के बाद कथित तौर पर खाद्य विषाक्तता का शिकार होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाश्ता करने के तुरंत बाद छात्रों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें गुरुवार को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। कई अन्य छात्रों का मन्नानूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी उपचार किया गया।
जिला अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा कर प्रभावित छात्रों से बातचीत की और उनके माता-पिता को आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक चिकित्सा देखभाल प्रदान की जा रही है। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहाहै और उनमें से अधिकांश को जल्द ही छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
इस बीच, तेलंगाना मानव अधिकार आयोग ने शुक्रवार को तेलुगु दैनिक समाचार पत्रों ईनाडु और नमस्ते तेलंगाना में प्रकाशित समाचार रिपोर्टों के आधार पर घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने नागरकुरनूल के जिला कलेक्टर को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इस रिपोर्ट में घटना की परिस्थितियों, प्रभावित छात्रों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, आधिकारिक जांच के निष्कर्षों, भोजन और पानी के नमूनों के विश्लेषण के परिणामों, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ की गयी कार्रवाई और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए शुरू किये गये उपायों की जानकारी मांगी गयी है। इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 अगस्त की तारीख तय की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित