हैदराबाद , अक्टूबर 30 -- तेलंगाना के परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि वह राज्य के गठन और इसके शहीदों के बारे में की गयी अपनी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए तेलंगाना की जनता से माफी मांगें।

गांधी भवन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना के कांग्रेस नेता, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में शनिवार को दिल्ली जा रहे हैं। वहां वे 'वोट चोर, गद्दी छोड़ ' के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। यह प्रदर्शन कथित चुनावी गड़बड़ियों और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ होगा।

श्री शाह के दो नवंबर के प्रस्तावित हैदराबाद दौरे पर सवाल उठाते हुए श्री पोन्नम ने पूछा कि क्या गृह मंत्री के पास राज्य के गठन पर की गयी अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगे बिना तेलंगाना आने का कोई नैतिक अधिकार है? उन्होंने भाजपा द्वारा 'एक वोट, दो राज्य' के अपने पुराने वादे को पूरा न करने पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपने चुनावी लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रहने के बाद भाजपा अब गलत तरीकों का सहारा ले रही है। उन्होंने चुनाव आयोग पर पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की जानी चाहिए और चुनावी प्रक्रियाओं तथा अन्य संस्थानों में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित