हैदराबाद , जुलाई 10 -- तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू ने शुक्रवार को राज्य में प्रमुख औद्योगिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निवेश आकर्षित करने व बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए उनके कार्यान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

श्री जाजू ने सचिवालय में उद्योग और वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए तेलंगाना औद्योगिक बुनियादी ढांचा निगम (टीजीआईआईसी) द्वारा चलायी जा रही प्रमुख परियोजनाओं की स्थिति का आकलन किया। इनमें भारत फ्यूचर सिटी, जहीराबाद इंडस्ट्रियल सिटी, काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क और अन्य रणनीतिक औद्योगिक बुनियादी ढांचा पहल शामिल हैं।

टीजीआईआईसी के प्रबंध निदेशक (मैनेजिंग डायरेक्टर) शशांक ने मुख्य सचिव को परियोजनाओं की प्रगति, बुनियादी ढांचे के विकास, निवेश की संभावनाओं और पूरा होने की समय सीमा के बारे में जानकारी दी।

श्री जाजू ने इस बात पर जोर दिया कि विभाग का प्राथमिक उद्देश्य विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और व्यापार अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र प्रदान करना है। इससे तेलंगाना एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित होगा और यहां युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को औद्योगिक परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सभी विभागों और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच कड़ा समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विशेष सचिव कृष्ण आदित्य, हथकरघा एवं वस्त्र विशेष सचिव कात्यायनी देवी, इन्वेस्ट तेलंगाना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजीत रेड्डी, फ्यूचर सिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी के कमिश्नर शशांक, उद्योग निदेशक निखिल चक्रवर्ती और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित