यादगीरीगुट्टा , मई 23 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में इस धार्मिक परिसर से जुड़े 99.55 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने मंदिर परिसर में बनने वाली वेद पाठशाला के लिए भूमि पूजन भी किया।

इन परियोजनाओं में 43.80 करोड़ रुपये की लागत से एक वेद पाठशाला का निर्माण, पहाड़ी के ऊपर 9.87 करोड़ रुपये की लागत से स्वामी वारी नित्य कल्याण मंडपम और वैकुंठ द्वारम से पहाड़ी की चोटी तक जाने वाले सीढ़ी मार्ग पर लगभग 1.41 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से छत का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित वेद पाठशाला के लिए भूमि पूजन भी किया।

इस समारोह में कांची कामकोटि पीठम के प्रमुख जगद्गुरु शंकर विजयेन्द्र सरस्वती शामिल हुये। इसके बाद, श्री रेड्डी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी के दर्शन किये।

इस अवसर पर विधान परिषद के अध्यक्ष गुथा सुकेन्दर रेड्डी, मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, कोंडा सुरेखा और अदलूरी लक्ष्मण कुमार, सांसद वेम नरेंद्र रेड्डी और चमाला किरण कुमार रेड्डी के अलावा विधायक, विधान परिषद सदस्य (एम.एल.सी.) और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित