हैदराबाद , सितंबर 06 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड को बतौर राज्य कांग्रेस प्रमुख दो साल पूरे करने पर बधाई दी।
श्री रेड्डी ने सोशल मीडिया पर कहा कि महेश कुमार गौड एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता से उठकर राज्य पार्टी की कमान संभालने तक पहुंचे हैं। उन्होंने श्री गौड़ के इस सफर को सराहनीय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग समुदाय के किसी नेता को टीपीसीसी अध्यक्ष बनाना सिर्फ पार्टी का कोई पद सौंपना नहीं था बल्कि यह सामाजिक न्याय के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
श्री रेड्डी ने कहा कि श्री गौड़ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में पार्टी को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री गौड को आगे भी सफलता की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे इसी लगन के साथ जनसेवा में और भी कई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित