हैदराबाद , फरवरी 16 -- तेलंगाना मानवाधिकार आयोग (टीजीएचआरसी) ने वकील जी. स्वप्ना कुमारी की हत्या मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही का आरोप लगाने वाली एक शिकायत पर संज्ञान लिया है।

गौरतलब है कि कथित तौर एक जमीन विवाद को लेकर चार फरवरी को चेवेल्ला में वकील की बेरहमी से हुई हत्या कर दी थी। इसको लेकर 163 वकीलों द्वारा दायर की गयी यह शिकायत (एसआर संख्या 515/2026) पर आयोग ने संज्ञान लिया है। शिकायत करने वालों ने आरोप लगाया कि मृतका ने मोइनाबाद पुलिस को अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दी थी, लेकिन समय पर कोई की कार्रवाई नहीं की गई, जो ड्यूटी में गंभीर लापरवाही है।

न्यायाधीश शमीम अख्तर की अगुवाई वाले आयोग ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक से इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और मामले को आगे के विचार के लिए छह मार्च का समय तय किया है। आयोग ने सोमवार को यहां कहा कि शिकायत करने वालों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, चश्मदीदों को सुरक्षा, पीड़ित की मां को अंतरिम मुआवजा और आरोपपत्र जल्दी दाखिल करने की भी मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित