नयी दिल्ली/हैदराबाद , मई 20 -- तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने बुधवार को नयी दिल्ली में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और राज्य के विकास , शैक्षिक अवसंरचना तथा पूंजीगत व्यय से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की।
श्री मल्लू ने मुलाकात के दौरान केन्द्र से "स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट (एसएएससीआई)" के तहत तेलंगाना को 5,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विशेष वित्तीय मदद देने का आग्रह किया।
उन्होंने श्रीमती सीतारमण को तेलंगाना सरकार द्वारा शिक्षा , स्वास्थ्य देखभाल , ग्रामीण अवसंचना और मानव संसाधन विकास जैसे सेक्टर में किए जा रहे बड़े निवेश और कल्याणकारी पहलों के बारे में बताया।
श्री भट्टी विक्रमार्क ने शिक्षा क्षेत्र में राज्य सरकार के बड़े निवेश , खासकर यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल (वाईआईआईआरएस) की स्थापना के बारे में भी जानकारी दी। उन्हाेंने इस बारे में केंद्र से आर्थिक विभाग (डीईए) से मंज़ूर बाहरी वित्त पोषित परियोजनाएं (ईएपी) के लिए एफआरबीएम लिमिट से छूट देने की अपील की।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय समर्थन और पॉलिसी में छूट से तेलंगाना को आधारभूत संरचनाओं के विकास में तेज़ी लाने और पूरे राज्य में सार्वजनिक कल्याण पहलों को मज़बूत करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित