हैदराबाद , मई 19 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन की एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली रवाना हुए।
इस बैठक में विभिन्न राज्यों के नगर प्रशासन और शहरी विकास मंत्री शामिल होंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के निर्देशों पर अमल करते हुए श्री भट्टी विक्रमार्क इस बैठक में तेलंगाना सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री के साथ विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन, सीएमओ सचिव माणिक राज और जीएचएमसी आयुक्त कर्णन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी गये हैं। उम्मीद है कि यह प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार के समक्ष तेलंगाना से जुड़े कई मुद्दे उठाएगा।
श्री भट्टी विक्रमार्क अपनी दो दिवसीय दिल्ली यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और केंद्रीय कोयला मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह राज्य को मिलने वाले बकाया धन से जुड़े लंबित मुद्दों, साथ ही ऊर्जा और कोयला क्षेत्रों से संबंधित मामलों पर चर्चा करेंगे। उनके साथ वित्त सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया, योजना सचिव गौरव उप्पल, ऊर्जा विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल और सिंगारेनी के सीएमडी ज्योति और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित