हैदराबाद , अप्रैल 28 -- तेलंगाना के पर्यटन मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव ने मंगलवार को कहा कि राज्य में देश के एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरने की अपार संभावनाएं हैं और उन्होंने अधिकारियों को इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक एवं समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिये।
श्री राव ने बेगमपेट में आयोजित पर्यटन सलाहकार समिति की बैठक में तेलंगाना को एक जीवंत पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, गंतव्य की ब्रांडिंग और प्रभावी प्रचार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अपनी अतिथि सत्कार की खूबियों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध विरासत, मंदिरों, पर्यावरण-पर्यटन स्थलों, जंगलों और जलाशयों का लाभ उठाना है।
उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन स्थलों पर शौचालय, अस्थायी आवास, तंबू, कांच के घर और रास्ते की सुविधाओं सहित बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया है।
श्री राव ने नई पहलों का प्रस्ताव रखते हुये घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नवंबर-दिसंबर के दौरान हैदराबाद में एक भव्य वार्षिक उत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने मूर्तियों, उद्यानों और रचनात्मक सार्वजनिक स्थानों के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण का भी प्रस्ताव रखा।
मंत्री ने अधिकारियों को सोमशिला, वारंगल, रामप्पा, यादद्रि, गोलकुंडा, तारामती बारादरी और नागार्जुन सागर जैसे प्रमुख स्थलों पर विकास कार्यों में तेजी लाने और आगंतुकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नियमित सप्ताहांत सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान, विशेष मुख्य सचिव वाणी प्रसाद ने कहा कि पर्यटन के बुनियादी ढांचे में सुधार, निवेश को बढ़ावा देने और ब्रांडिंग को मजबूत करने के लिए कदम पहले से ही उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित