हैदराबाद , जून 17 -- तेलंगाना के राजस्व, आवास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बुधवार को कहा कि सरकार तेलंगाना को झोपड़ी मुक्त राज्य बनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक गरीब परिवार एक सुरक्षित तथा अपने स्वामित्व वाले घर में सम्मान के साथ रहे।

आवास विभाग के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बातचीत में श्री रेड्डी ने निर्देश दिया कि इंदिराम्मा आवास योजना के दूसरे चरण के तहत लाभार्थियों का चयन करते समय झोपड़ियों में रहने वाले निराश्रित परिवारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। उन्होंने झोपड़ीवासियों की पहचान करने और प्रजा पालन कार्यक्रम के दौरान प्राप्त लगभग 75,000 आवेदनों को सत्यापित करने के लिए राज्यव्यापी विशेष सर्वेक्षण का आदेश दिया। श्री रेड्डी ने बताया कि इस योजना के दूसरे चरण में 2.50 लाख मकानों का निर्माण किया जायेगा, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 2,000 मकान आवंटित किये जायेंगे। उन्होंने जोर दिया कि लाभार्थी का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ और बिना किसी भेदभाव के किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि छत बदलने की योजना के तहत 50,000 घरों को शामिल किया जाएगा, जिसके तहत पात्र परिवारों को उन्सुहोंदृढ़ सीमेंट कंक्रीट की छतों के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तक मिलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को इंदिराम्मा और गृहलक्ष्मी सहित पिछली आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत अधूरे पड़े मकानों की पहचान करने और उन्हें पूरा करने का भी निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित