हैदराबाद , नवंबर 02 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित 'वोट बचाओ - देश बचाओ' जनसभा के लिए 15,000 से अधिक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करके अपनी संगठनात्मक ताकत और एकता का प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के सहयोग से पार्टी ने कई परिवहन चुनौतियों के बावजूद अपने कार्यकर्ताओं की सफल भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किये थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का उद्देश्य चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची में संशोधन के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर चिंताएं जताना था।
रेलवे अधिकारियों द्वारा आखिरी समय में विशेष ट्रेनों की अनुमति देने से इनकार करने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता 100 से अधिक बसों, नियमित ट्रेनों, कारों, निजी वाहनों और उड़ानों के जरिए दिल्ली पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रतिभागियों के लिए भोजन, चिकित्सा सुविधाओं और परिवहन के अलावा 800 से अधिक होटल कमरों की भी व्यवस्था की थी।
बयान के अनुसार रैली में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, श्री गौड, कई मंत्री, सांसद, एमएलसी, विधायक, डीसीसी अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ-साथ जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
प्रदेश कांग्रेस ने यह भी बताया कि तेलंगाना के लाखों लोग जो दिल्ली नहीं जा सके, उन्होंने राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर रैली की कार्रवाई देखकर अपना समर्थन जताया। कांग्रेस के नेताओं ने श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे उस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी, जिसका उद्देश्य मतदान अधिकारों की रक्षा करना, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित