हैदराबाद , अक्टूबर 17 -- तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मेडचल-मलकाजगिरी पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत कीसारा थाना के निरीक्षक अर्कापल्ली अंजनेयुलु के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (डीए) का मामला दर्ज किया है।
एसीबी ने शनिवार को बताया कि तलाशी के दौरान 2.28 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है। सिटी रेंज-एक ने यह मामला दर्ज किया है। आरोप है कि निरीक्षक ने अपनी सेवा के दौरान भ्रष्टाचार और गलत तरीकों से अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति जुटायी है। उनके आवास, कार्यालय और उनके रिश्तेदारों, सहयोगियों तथा कथित बेनामीदारों से जुड़ी चार अन्य जगहों पर प्रारंभिक तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान अधिकारियों को कई संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें सरोरनगर के लिंगोजिगुडा में 150-150 वर्ग गज के दो प्लॉट (जिन पर एक पुराना घर है) शामिल हैं, जिनकी कीमत 30 लाख रुपये है, एलबी नगर के मंसूराबाद स्थित सीआर एन्क्लेव में 240 वर्ग गज का एक पुराना घर है, जिसकी कीमत 40 लाख रुपये है, पेरूर गांव में 180 वर्ग गज का एक निर्माणाधीन घर है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये है और मिरियालगुडा के हालिया में दो एकड़ कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 80 लाख रुपये है।
विज्ञप्ति के अनुसार आगे की जांच से पता चला है कि अधिकारी ने हालिया में कुछ और कृषि भूमि भी हासिल की है। इन संपत्तियों की बाजार कीमत आधिकारिक मूल्यांकन से काफी अधिक हो सकती है। तलाशी के दौरान 7 लाख रुपये नकद, लगभग 5 लाख रुपये कीमत के 60 तोला सोने के आभूषण, लगभग 6.5 लाख रुपये कीमत की मारुति विटारा ब्रेजा जेडडीआई बीएसवीआई कार और 10 लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान तथा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी जब्त किये गये हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि अन्य संपत्तियों की पुष्टि की जा रही है। एसीबी ने यह भी बताया कि 16 सितंबर 2026 को कीसारा थाना में तैनात रहते हुए निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़ा गया था। आरोप है कि उन्होंने एक आधिकारिक काम के बदले 8 लाख रुपये की मांग की थी और उपनिरीक्षक डी. ज्ञानेंद्र रेड्डी के जरिए पांच लाख रुपये लिए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित