हैदराबाद , मई 03 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को यहां एग्जीबिशन ग्राउंड्स में आयोजित नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का उद्घाटन किया, जहां 745 दिव्यांग लाभार्थियों को 815 कृत्रिम अंग और कैलिपर्स वितरित किये गये।

यह शिविर नारायण सेवा संस्थान द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहयोगियों मेक अ चेंज फाउंडेशन (ब्रिटेन) और श्री स्वामीनारायण मंदिर, विल्सडेन (ब्रिटेन) के सहयोग से आयोजित किया गया। आयोजकों के अनुसार कई लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार एक से अधिक कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गये।

राज्यपाल ने इस पहल को "मानवता की विजय" करार देते हुए लाभार्थियों से संवाद किया और शिविर स्थल पर आयोजित परेड के दौरान उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कई भावुक दृश्य देखने को मिले, जब वर्षों से चलने-फिरने में असमर्थ रहे अनेक लाभार्थियों ने पहली बार स्वतंत्र रूप से कदम बढ़ाए।

आंध्र प्रदेश के मंत्री टी जी भारत ने इस पहल को जीवन बदलने वाला बताते हुए कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। तेलंगाना विधान परिषद सदस्य बोग्गर दयानंद भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

आयोजकों ने बताया कि शिविर के लिए पूर्व में 1,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 745 का चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों को उन्नत मॉड्यूलर कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उपयोग और रखरखाव का प्रशिक्षण भी दिया गया।

वर्ष 1985 में स्थापित नारायण सेवा संस्थान अब तक देशभर में हजारों जरूरतमंदों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग और चिकित्सा सहायता प्रदान कर चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित