हैदराबाद , अगस्त 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तेलंगाना अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सरकारी खरीद के लगभग करीब 500 करोड़ रुपए मूल्य के 90 हजार मीट्रिक टन धान के कथित गबन की तत्काल जांच कराने की मांग की है।
श्री राव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को लिखे पत्र में धान खरीद में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीद व्यवस्था किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक तंत्र होने के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली का भी अभिन्न हिस्सा है। उनका आरोप है कि सरकारी धान का किसी भी प्रकार का कथित दुरुपयोग या गबन न केवल सरकारी खजाने को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि खरीद व्यवस्था पर किसानों के विश्वास को भी कमजोर करेगा।
मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए श्री राव ने दावा किया कि कस्टम मिलिंग के लिए चावल मिलों को सौंपे गये हजारों टन धान का न तो भंडार में पता चल रहा है और न ही उसे चावल के रूप में सरकार को वापस किया गया है, जिससे राज्य को भारी नुकसान हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित