हनमकोंडा , जून 19 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने हनमकोंडा कलेक्ट्रेट के बाहर विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित कर सभी पात्र गरीब परिवारों को तुरंत आवासीय भूखंडों का मालिकाना हक जारी करने और 'इंदिरम्मा आवास योजना' के तहत स्थायी मकान उपलब्ध कराने की मांग की है।
भाकपा तेलंगाना राज्य सहायक सचिव तक्कल्लापल्ली श्रीनिवास राव ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन में आरोप लगाया कि गरीबों की ओर से जमीन के लिये किया जा रहा मौजूदा संघर्ष पात्र परिवारों को आवासीय भूखंड बांटने में सरकार की नाकामी का नतीजा है। उन्होंने दशकों से सरकारी जमीन पर रह रहे गरीब परिवारों को मालिकाना हक न देने के लिए सरकार की आलोचना की। इसके साथ ही आरोप लगाया कि भू-माफिया कीमती सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक के बाद एक आयी सरकारों के बार-बार वादों के बावजूद गरीब आज भी आवासीय भूखंडों के बिना परेशान हैं। भाकपा नेता ने राज्य सरकार से गरीबों को आवासीय भूखंड और स्थायी मकान देने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वामपंथी दल अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित