करीमनगर , मई 03 -- तेलंगाना में यहां के एक ज्वेलरी शोरूम में रविवार को दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती की दुस्साहसी वारदात ने निवासियों के बीच दहशत पैदा कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुबह 10:00 बजे के आसपास पांच अज्ञात बदमाश ग्राहक बनकर पीएमजे ज्वेलरी शोरूम में दाखिल हुए और फिर हथियार निकालकर कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
जब कर्मचारियों ने विरोध करने की कोशिश की तो हमलावरों ने गोलियां चला दीं और भारी मात्रा में सोने के जेवर लूटकर मौके से फरार हो गए।
हमले में तीन कर्मचारी घायल हो गये। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां से कुछ को बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर तुरंत पहुंचकर फोरेंसिक टीमों की मदद से सबूत जुटाये।
पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने के लिए शहर से बाहर जाने वाले रास्तों की चेकिंग कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित