हैदराबाद , मई 29 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शुक्रवार को कोमुरम भीम आसिफाबाद जिले में तपेदिक उन्मूलन और मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर गहन जागरूकता कार्यक्रम चलाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने आसिफाबाद में एकीकृत जिला कार्यालय परिसर (आईडीओसी) में कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं, रेड क्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों और टी.बी. उन्मूलन के उपायों की समीक्षा करते हुये, सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामाजिक चुनौतियों से निपटने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने जिला अधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि सरकारी सेवा महज एक पेशा नहीं बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि तपेदिक और मादक पदार्थों के सेवन जैसी सामाजिक समस्याओं को निरंतर जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कृत्रिम मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि ये समाज के लिए एक गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं और युवाओं की रक्षा के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आह्वान किया। राज्यपाल ने गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और स्वयंसेवी संगठनों से भी समाज के व्यापक हित में जिम्मेदारी से काम करने का आग्रह किया।
श्री शुक्ला ने टीबी मरीजों के लिए पोषण संबंधी सहायता के महत्व पर जोर दिया और सुझाव दिया कि जिला अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और सामाजिक सेवा समूह टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें पौष्टिक भोजन प्रदान करें। उन्होंने टीबी उन्मूलन की पहलों के प्रति लोक भवन से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से कोमुरम भीम आसिफाबाद को एक नशामुक्त, टीबी मुक्त और विकसित जिला बनाने की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित