हैदराबाद , जुलाई 05 -- तेलंगाना में प्रमुख विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामारावने रविवार को कांग्रेस सरकार से गोदावरी का पानी उठाने के लिए कन्नेपल्ली पंप हाउस को तुरंत चालू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि कम बारिश, अल नीनो की स्थिति और सरकार की कथित निष्क्रियता के कारण तेलंगाना को गंभीर सूखे का सामना करना पड़ सकता है।
मंथनी में कन्नेपल्ली पंप हाउस का निरीक्षण करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए श्री राव ने दावा किया कि राज्य के 33 जिलों में से 26 जिले पहले से ही सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं, जबकि गोदावरी नदी का भारी मात्रा में पानी बिना उपयोगके समुद्र में बह रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर सामान्य से कम बारिश की चेतावनियों के बावजूद किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और आग्रह किया कि पूरे राज्य में सिंचाई और पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कन्नेपल्ली पंपों को फिर से शुरू करके जलाशयों को भरा जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बढ़ते कृषि उत्पादन को संभालने के वित्तीय बोझ से बचने के लिए पानी उठाने में आनाकानी कर रही है। कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना का बचाव करते हुए श्री राव ने भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि यदि आवश्यक मरम्मत पूरी कर ली जाये और बुनियादी ढांचे को ठीक से संचालित किया जाये, तो यह परियोजना अभी भी पानी की आपूर्ति करने में पूरी तरह सक्षम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित