करीमनगर , मार्च 18 -- तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई में कथित रिश्वतखोरी और बेनामी लेनदेन मामले में आबकारी निरीक्षक और एक सरकारी शिक्षक को हिरासत में लिया है।
एसीबी द्वारा बुधवार को जारी बयान के अनुसार, करीमनगर अर्बन के आबकारी निरीक्षक श्री गुंडेटी रामू और जगत्याल जिले के मल्लियाल मंडल स्थित एमपीपीएस ओबुलापुर के सेकेंडरी ग्रेड शिक्षक जक्कानी वेणु को 17 मार्च को रात लगभग 8:25 बजे आय से अधिक संपत्ति और अवैध धनराशि के मामले में पकड़ा गया।
एसीबी ने खुलासा किया कि वेमुलावाड़ा में एसएचओ के रूप में तैनाती के दौरान निरीक्षक ने 2022 से 2024 के बीच एक गुड़ व्यापारी से नियमित रूप से अवैध धन वसूला। यह राशि कथित रूप से शिक्षक के माध्यम से ली जाती थी, जो मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था और लेनदेन यूपीआई के जरिए किये जाते थे।
जांच में पाया गया कि शिक्षक ने यह रकम आबकारी निरीक्षक और उसके पिता के खातों में स्थानांतरित की, जिससे अवैध धन के स्रोत को छिपाने के लिए बेनामी व्यवस्था का संकेत मिलता है।
निरीक्षक के आवास पर तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 20 लाख रुपये की अघोषित नकदी बरामद कर जब्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित