विकाराबाद (तेलंगाना) , अक्टूबर 03 -- तेलंगाना के विकाराबाद जिले में शनिवार को अनंतगिरि घाट रोड पर 54 यात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलटने से चार महिलाओं की मौत हो गयी और 15 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना उस समय हुई, जब सांगारेड्डी जिले के पाटनचेरु के पास केसरम से विकाराबाद के धरूर मंडल स्थित चिंताकुंटा गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों को लेकर बस जा रही थी।
अनंतगिरि पहाड़ियों से नीचे उतरते समय बस अचानक सड़क से उतरकर पलट गयी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विकाराबाद के जिला कलेक्टर दीपक तिवारी ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिये। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव संजय जाजू को घायलों के बेहतर इलाज के प्रबंध करने के निर्देश दिये हैं। वहीं, मंत्री दुद्दिला श्रीधर बाबू ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मंत्री ने बताया कि बस प्रबंधन और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित