भीलवाड़ा , जून 29 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के तिलकनगर इलाके में 13 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पीड़ित की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 23 जून को तिलकनगर निवासी सम्पत्ति व्यवसायी संदीप कुमार जैन ने पुलिस को शिकायत की 22 जून की रात पत्नी के साथ बाजार से लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरे में पलंग के संदूक में रखा 13 लाख रुपये नकदी से भरा बैग गायब था। यह राशि उन्होंने भूखंड बेचकर प्राप्त की थी, जिसे आगे एक पार्टी को देना था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि ऑनलाइन सट्टे की लत के कारण लाखों रुपये गंवाने के बाद उसने अपने ही घर में चोरी का झूठा ड्रामा रच दिया।
पुलिस बताया कि पुलिस दल ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच पड़ताल के बाद संदीप कुमार की पत्नी क्षिप्रा जैन (30) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत लग गई थी। सट्टे में लगाने के लिए वह समय-समय पर पति द्वारा घर में रखी नकदी निकालती रही। धीरे-धीरे लाखों रुपये हारने के बाद उसे पकड़े जाने का डर सताने लगा। इससे बचने के लिए उसने घर में चोरी का झूठा नाटक रचा और पति के माध्यम से ही थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित