विजयवाड़ा , अप्रैल 15 -- तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने बुधवार को एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के पुत्र और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

इसके अलावा विधायक पल्ला श्रीनिवास को तेदेता का आंध्रप्रदेश का अध्यक्ष और सांसद डॉ. बायरेड्डी शबरीको अपनी पहली महिला राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। उनके साथ सांसद राम मोहन नायडू और राजेश किलारू भी राष्ट्रीय महासचिव के रूप में अपनी सेवायें देंगे। नया पोलित ब्यूरो भी बनाया गया है, जिसमें 29 सदस्य, राष्ट्रीय समिति में 31 सदस्य और राज्य समिति में 185 सदस्य शामिल किये गये हैं।

राज्य समिति के 185 सदस्यों में से 122 सदस्य कमजोर वर्गों से हैं, जिनमें पिछड़ा वर्ग (77), अनुसूचित जाति (25), अनुसूचित जनजाति (7) और अल्पसंख्यक समुदायों के 13 सदस्य शामिल हैं। राज्य समिति में 50 महिलाओं को स्थान दिया गया है, जो पार्टी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह नयी संरचना 2029 के चुनावों और निर्वाचन क्षेत्रों के संभावित पुनर्गठन जैसे दीर्घकालिक लक्ष्यों को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित