वाराणसी , जुलाई 30 -- वाराणसी में गुरुवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तेज हवाओं के साथ शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं, गंगा का जलस्तर भी बढ़ रहा है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी प्रकार की नावों और बोटों के संचालन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है।

जल पुलिस के अनुसार, तेज हवाओं के कारण यह निर्णय लिया गया है। यदि शाम तक हवा की रफ्तार कम होती है तो स्थिति की समीक्षा के बाद संचालन की अनुमति दी जा सकती है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को गंगा का जलस्तर 61.84 मीटर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह से 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

जल पुलिस ने सुबह से ही नाविकों को नावों के संचालन पर रोक की सूचना देना शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और तेज हवाओं के कारण नदी में नौकायन जोखिमपूर्ण हो गया है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए नाव और बोट संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित