बेमेतरा , जनवरी 12 -- ) छत्तीसगढ़ में बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसमी में तेज रफ्तार स्कूल वाहन की टक्कर से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विमल स्कूल का इक्को वाहन संख्या सीजी 06 जीयू 8034 सड़क किनारे चल रहे दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे निर्माणाधीन मकान की दीवार से टकरा गयी।

हादसे में एक बच्चे के कंधे की हड्डी टूट गई, जबकि दूसरा बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरला में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान भेज दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक दुर्गेश आए दिन तेज और लापरवाही से वाहन चलाता था। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं, घटना के बाद गांव में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाणन, चालक सत्यापन और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित