जालौन , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में उरई-जालौन स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 स्कूली बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सेठ एम.आर. जयपुरिया पब्लिक स्कूल, उरई की बस दोपहर करीब तीन बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर उरई से जालौन जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से उतरकर खाई में पलट गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य संचालित कराया।
चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को सामान्य चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और आरटीओ के सचल दल पर स्कूल बसों की नियमित और प्रभावी जांच नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण स्कूली बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित