मोहाली , अक्टूबर 04 -- पंजाब के मोहाली सन्नी एन्क्लेव चौकी के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार बेकाबू कार ने रिहायशी इलाके में खड़े चार वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से आ रही थी और अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार एक के बाद एक चार वाहनों से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे में चारों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित