फतेहाबाद , जून 25 -- हरियाणा फतेहाबाद जिले के गांव ढिंगसरा के पास मंगलवार शाम हुए एक सडक़ हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के गुरु नानक पुरा निवासी तेलूराम अपनी ई-रिक्शा लेकर भट्टू गया हुआ था। शाम को वापस लौटते समय उसने कुछ लोगों को सवारी के रूप में बैठा लिया। इनमें सुशीला, उसकी आठ वर्षीय दोहती खुशबू, 12 माह की पौती मेघा, गांव जगान निवासी सुमित, उसके पिता मनीराम तथा अन्य परिजन शामिल थे। सभी लोग गांव दौलतपुर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव ढिंगसरा के पास पीछे से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग सडक़ पर गिर गए और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक तेलूराम, खुशबू, मेघा, सुमित सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ वर्षीय खुशबू को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। बताया गया है कि मृतक बच्ची खुशबू सिरसा जिले के गांव माधो सिंघाना की रहने वाली थी और इन दिनों अपने ननिहाल भट्टू आई हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं तथा पिकअप चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित