ग्रेटर नोएडा , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र गौर सिटी दो में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित लाल रंग की थार ने पुलिस की पीआरवी 9619 में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीआरवी पर तैनात एक कांस्टेबल और होमगार्ड कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई।

घटना के संबंध में गाजियाबाद वेवसिटी सहायक पुलिस आयुक्त, श्रीमती प्रियाश्री पाल, ने जानकारी देते हुए बताया कि, पीआरवी 9619 पर गौर सिटी-दो से संबंधित एक इवेंट प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पीआरवी तत्काल मौके की ओर रवाना हुई। पीआरवी गौतमबुद्धनगर के लिए थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से होकर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही लाल रंग की थार कथित तौर पर बेहद तेज गति और अनियंत्रित तरीके से चल रही थी। इसी दौरान थार ने पीआरवी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीआरवी में मौजूद पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कांस्टेबल और होमगार्ड कपिल कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने होमगार्ड कपिल कुमार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित