भिण्ड , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के अकोड़ा गांव में तेज रफ्तार आयशर ट्रैक्टर की टक्कर से 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार अकोड़ा गांव के वार्ड क्रमांक 12 निवासी लडेता देवी सफाई कर्मचारी थीं और गांव में सफाई का काम करती थीं। बुधवार को वह जगदीश शर्मा के मकान पर काम कर रही थीं। मकान से कचरा उठाकर बाहर डालने के लिए सड़क की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार आयशर ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से लडेता देवी सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार तेज थी।

सूचना मिलने पर ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिण्ड जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित