धार , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से दो सगे भाइयों सहित तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई। हादसा सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में महिंद्रा ब्रिज के पास हुआ। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार, सेंट फ्रांसिस स्कूल के तीन छात्र स्कूटी क्रमांक एमपी 40 एमएल 4037 से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। दोपहर करीब दो बजे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांश रजक, उत्कर्ष आंगन मोक्ष रजक और आयुषी रजक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में प्रियांश और मोक्ष सगे भाई बताए गए हैं।
सूचना मिलने पर सेक्टर-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देकर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित