धमतरी , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी शहर के संबलपुर ओवरब्रिज के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन में कलंदर ( तरबूज़ ) लोड था। वाहन का टायर पंचर होने के कारण चालक और उसका सहयोगी सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित