कोरबा , मार्च 18 -- छत्तीसगढ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नूनेरा के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को कुचल दिया, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे जा रहे मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक पलटने के कारण तीनों युवक उसके नीचे दब गए, जिन्हें निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो थाना पाली के रहने वाले हैं। ये तीनों युवक दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम करने जा रहे थे।
हादसे के बाद सड़क पर कोयला बिखर गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और मुआवजे तथा दोषी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित