कांकेर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर में गुरुवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रात करीब 11 बजे हुआ, जिसके बाद शुक्रवार को भी घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। हादसे में मृत सभी लोग एक ही परिवार और उनके परिचित बताए जा रहे हैं, जिनका संबंध पुलिस कर्मी मुनेंद्र नेताम के परिवार से है। मृतकों में कुंती नेताम (50), मकतुला नेताम (48), शगुनदास नेताम (53), वंश नेताम (7), दीना यादव (40) और ज़हूरा जुर्री (50) शामिल हैं।

इस दुर्घटना में उदित जुर्री (26), विश्वजीत (25) और मुकेश उसेंडी (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इनमें से दो घायल दूसरी कार में सवार थे, जबकि एक घायल मृतकों के परिवार का रिश्तेदार है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय दोनों कारों की रफ्तार काफी तेज थी। बताया जा रहा है कि एक कार के चालक विश्वजीत ने एक ट्रक को ओवरटेक किया, जिसके तुरंत बाद सामने से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित