श्रीगंगानगर , सितम्बर 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के करडवाला गांव के पास गुरुवार को देर शाम एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गयी जबकि एक घायल हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिलाओं की पहचान शल्लोबाई (48) और कल्लोबाई(60) के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिलाओं को टक्कर मारकर अबोहर,पंजाब की तरफ फरार हुई कार को पकड़ने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

करडवाला गांव की तीन महिलाएं पास के खेत में नरमा कपास चुनने की मजदूरी करने के लिए गयी थीं। दिन भर कपास नरमा चुनने के बाद शाम करीब सात बजे वे सड़क किनारे बैठी थी। एक ट्रैक्टर ट्राली ने इनको लेने के लिए आना था। उसी का इंतजार करते समय करडवाला चौराहा की तरफ से एक तेज रफ्तार कार उनको रौंदते हुए निकल गयी। इससे शल्लो और कल्लों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। तीसरी घायल महिला को तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीगंगानगर भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित