श्रीगंगानगर , मई 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हाे गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पांच युवक एक शादी की बारात के साथ सुबह खिचियां गांव पहुंचे थे। बारात के गांव पहुंच जाने के कुछ देर बाद ये पांचों युवक सफेद रंग की फूलों से सजी कार से गांव सलेमपुरा-बाजूवाला की ओर किसी काम से जा रहे थे। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे रास्ते में कालूवाला ढाबा के पास कार अचानक बेकाबू हो गई और अत्यधिक तेज रफ्तार के चलते एक पेड़ से टकरा गई। इस टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन निकलकर करीब 150 फुट दूर जा गिरा। स्थानीय लोगों ने युवकों को जैसे-तैसे कार से बाहर निकला। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन घायल युवकों को विभिन्न वाहनों से रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर के उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया1उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पृथ्वीराज बावरी , बाबूलाल और घनश्याम के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित