ललितपुर , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शनिवार को मूसलाधार बारिश के दौरान खेत पर बना कच्चा मकान ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक वृद्ध महिला की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार महरौनी कोतवाली क्षेत्र के सिंदवाहा गांव निवासी रतीबाई (60) अपने खेत में बने कच्चे मकान में मौजूद थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई और कुछ ही देर में कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिससे वह मलबे के नीचे दब गईं।
घटना के बाद उनके पति जानकी बरार ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर रतीबाई को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर महरौनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित