उज्जैन , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में रविवार शाम अचानक मौसम खराब होने और तेज आंधी-बारिश के दौरान विद्युत तार टूटने से करंट की चपेट में आने पर एक युवक की मृत्यु हो गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शहर के हरी फाटक मार्ग चौराहे के समीप विद्युत तार टूटकर गिर गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे तालोद गांव निवासी 35 वर्षीय छोटू उर्फ आशिक पटेल, पिता अहमद नूर पटेल करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित