बक्सर, मई 23 -- बिहार के बक्सर में शनिवार को तेज धूल की वजह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर की निर्धारित स्थान से अलग इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
बक्सर में तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को किला मैदान में उतरना था. लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर नीचे आया, मैदान में इतनी धूल उड़ी कि पायलट को कुछ दिखाई नहीं दिया. पायलट ने दो बार हेलीकॉप्टर को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन धूल के कारण लैंडिंग नहीं हो पाई।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि आखिरकार पायलट ने हेलीकॉप्टर को हवाई अड्डा मैदान की तरफ मोड़ दिया, जहाँ पहले से लैंडिंग का कोई प्लान नहीं था। यही वजह है कि वहां कोई सुरक्षा और बैरिकेडिंग उपलब्ध नही थी। दरअसल मुख्यमंत्री के उतरने के समय प्रशासन और पुलिस की गाड़ियाँ भी तेजी से वहां पहुंची और उनको सुरक्षा के घेरे में लिया गया।
जब मुख्यमंत्री हवाई अड्डा मैदान पर उतरे उस समय कुछ लडके वहां क्रिकेट खेल रहे थे और इस लैंडिंग को देख कर अचंभित रह गए।
इस घटना के बाद बक्सर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किला मैदान में जो हेलीपैड बना था, वो बहुत खराब है और वहां धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी ठीक से नहीं हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित