रांची , अक्टूबर 10 -- झारखंड में लापता आठ लोगों की तलाश के लिए राज्य अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने इन लोगों का सुराग लगाने के लिए हू एंड क्राई नोटिस जारी किया है। इसके माध्यम से लापता लोगों की तस्वीरें और पहचान से संबंधित विस्तृत जानकारी अन्य राज्यों की पुलिस को भेजी गई है, ताकि उनकी तलाश का दायरा बढ़ाया जा सके और जल्द से जल्द उनका पता लगाया जा सके।

सीआईडी की ओर से जारी नोटिस में बच्चों, किशोरों, युवाओं और बुजुर्गों समेत कुल आठ लापता लोगों का विवरण शामिल है। इनमें गुमला जिले के चैनपुर से वर्ष 2022 में लापता हुआ किशोर दिव्यांश, बोकारो से वर्ष 2023 में लापता निरंजन सिंह और रितेश कुमार साव उर्फ बंटी शामिल हैं। सूची में छह दिन का एक नवजात बच्चा भी शामिल है।

इसके अलावा बोकारो से अगस्त 2025 में लापता संतोष कुमार, जमशेदपुर से लापता मुख्तार अहमद और राम सिरका तथा बोकारो से जुलाई 2026 में लापता पालानी देवी का भी उल्लेख किया गया है।

लापता लोगों की तलाश में तेजी लाने के लिए जारी नोटिस में नाम और तस्वीरों के साथ उनकी उम्र, कद, रंग, लापता होने की तारीख, घटना के समय पहने गए कपड़े और शरीर पर मौजूद पहचान के निशान जैसी जानकारियां भी शामिल की गई हैं। इन विवरणों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है।

सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक की ओर से जारी पत्र झारखंड के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, रेलवे पुलिस और वायरलेस विभाग को भेजा गया है। इसके जरिए संबंधित अधिकारियों से लापता लोगों की तलाश में सहयोग करने की अपील की गई है।

सीआईडी की इस पहल का उद्देश्य वर्षों से लापता लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाना और उपलब्ध पहचान संबंधी जानकारी को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। अब दूसरे राज्यों की पुलिस के सहयोग से इन मामलों में सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित